पहले पिलाई शराब, फिर हथौड़ी से वार—दिल दहला देने वाला मर्डर केस

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बहादराबाद थाना पुलिस ने सिडकुल कर्मचारी राजवीर हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर साजिश रचकर हत्या को अंजाम दिया था।

पुलिस के मुताबिक, मृतक राजवीर (50) की हत्या उसकी बेटी के कथित प्रेमी पंकज कुमार ने अपने साथी छोटेलाल के साथ मिलकर की। आरोप है कि दोनों ने पहले राजवीर को बहाने से खेत में ले जाकर शराब पिलाई और फिर हथौड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना 27 अप्रैल की सुबह सामने आई, जब अत्मलपुर बोंगला गांव के पास खेत में राजवीर का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान बिजनौर जिले के रहने वाले राजवीर के रूप में हुई, जिसके बाद उसके बेटे की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डिजिटल एविडेंस के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई। एक मोबाइल नंबर की जांच करते हुए पुलिस ने कलियर रोड स्थित एक अस्पताल के पास से पंकज कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि पंकज का राजवीर की बेटी के साथ प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन राजवीर इस रिश्ते के खिलाफ था, जिससे नाराज होकर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। उसने अपने साथी छोटेलाल को भी इसमें शामिल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों ने साथ में शराब खरीदी, जिसकी पेमेंट राजवीर के मोबाइल से ऑनलाइन की गई थी। इसके बाद आरोपियों ने उसे सुनसान खेत में ले जाकर हत्या कर दी और उसका मोबाइल व पर्स लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा, बाइक और मृतक का मोबाइल बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।