उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में रोजगार, शिक्षा, स्टार्टअप, नवाचार, कौशल विकास और युवाओं की भागीदारी को लेकर सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी नई टेक्नोलॉजी नीति लागू कर रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए अवसर तैयार होंगे। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं और बिना पर्ची और बिना खर्ची युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार मुक्त हुई है और यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें राज्य के विकास में सक्रिय भागीदार बनाना है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने संसद परिसर में सांसद पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पप्पू यादव और उनके सहयोगियों ने संतों, महापुरुषों और भगवाधारियों का मजाक उड़ाया है, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है। सीएम धामी ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ ‘ऑपरेशन कालनेमि’ चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन धर्म पर टिप्पणी के समय विपक्षी नेता चुप रहते हैं और वोट बैंक की राजनीति के कारण खुलकर बोलने से बचते हैं।



Subscribe Our Channel











