उत्तराखंड में खौफनाक हादसा! पिकअप से भिड़ी तेज रफ्तार इको, 1 की मौत और 6 घायल

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी में बुधवार सुबह हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर मणिमाई मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। चलती पिकअप का अचानक पिछला पहिया निकलने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही इको कार पिकअप से जा भिड़ी। हादसे में इको सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन हाईवे पर आगे जा रहा था। अचानक उसका पिछला पहिया निकल गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और पिकअप डिवाइडर पर चढ़ गई। तभी पीछे से आ रही इको कार सीधे पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इको में सवार सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी रोहतक, हरियाणा की मौत हुई है।

पुलिस के मुताबिक घायलों में तीन को सीएससी डोईवाला, दो को हिमालयन अस्पताल और चार को देहरादून के कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ वाहन की तकनीकी स्थिति की भी जांच कर रही है।

कोतवाली के एसआई नारायण व्यास ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इको वाहन में सात लोग सवार थे। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।