नैनीताल में भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत-बचाव टीम को सूचना दी। पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में कुल छह लोग सवार थे।
इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल ने बताया कि मृतकों में खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चौपाल (48), उनकी पत्नी सीमा खेड़ा चौपाल (45), पुत्र वासु चौपाल (19) और 12 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। इसके अलावा वाहन चालक की भी मौत हो गई है, जिसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि चालक उत्तर प्रदेश के लखनऊ का निवासी था। पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



Subscribe Our Channel











