उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में एक बार फिर तीर्थ मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला मामला सामने आया है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में देर रात चार यात्रियों ने शराब के नशे में जमकर हंगामा किया और अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यूपी के बागपत से आए चार यात्री देर रात हरकी पैड़ी पहुंचे थे। आरोप है कि सभी ने शराब का सेवन कर रखा था और नशे की हालत में बाजार और घाट क्षेत्र में असामान्य व्यवहार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ जैसी हरकतें भी कीं।
नशे में धुत यात्रियों का हंगामा बढ़ने पर स्थानीय तीर्थ पुरोहित और लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिससे मामला और चर्चा में आ गया। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने यात्रियों को फटकार भी लगाई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ यात्रियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बताया जा रहा है कि एक यात्री इतनी नशे की हालत में था कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था।
स्थानीय लोगों और तीर्थ पुरोहितों ने प्रशासन से हरकी पैड़ी क्षेत्र में सख्त निगरानी और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि धर्मनगरी की गरिमा बनी रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया है और मामले की जांच जारी है।



Subscribe Our Channel











