एसएसपी का सर्जिकल एक्शन! थानों की कमान बदली, पुलिस महकमे में हलचल

9
खबर शेयर करें -

नैनीताल जिले में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के आदेश पर 4 निरीक्षकों सहित 47 महिला और पुरुष उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। इस बदलाव के तहत काठगोदाम, तल्लीताल, मल्लीताल, रामनगर और हल्द्वानी समेत कई थानों और चौकियों में नई तैनाती दी गई है। आदेश के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें। साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने के निर्देश भी दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह व्यापक तबादला किया गया है। जनपद के कप्तान द्वारा एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिस अधिकारियों को इधर-उधर किया गया है। जारी आदेश में कई निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों और महिला उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

तबादला सूची के अनुसार निरीक्षक जसवीर सिंह को पुलिस लाइन नैनीताल से प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम भेजा गया है। निरीक्षक हरपाल सिंह को चोरगलिया से तल्लीताल कोतवाली की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राजेंद्र सिंह रावत को डीसीआरबी से मल्लीताल कोतवाली स्थानांतरित किया गया है।

उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं। विमल मिश्रा को काठगोदाम से वरिष्ठ उपनिरीक्षक तल्लीताल भेजा गया है, तारा सिंह राणा को रामनगर से चोरगलिया और अनीस अहमद को पुलिस लाइन से खनस्यूं थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा कई चौकी प्रभारियों और महिला उपनिरीक्षकों की भी नई तैनाती की गई है। हल्द्वानी, रामनगर, भवाली, लालकुआं, कालाढूंगी, मुक्तेश्वर और मुखानी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

इस पूरे फेरबदल के बाद पुलिस विभाग में सक्रियता बढ़ गई है और नई तैनाती पाने वाले अधिकारी अपने-अपने कार्यभार संभालने में जुट गए हैं।