हल्द्वानी। गर्दन के दर्द का इलाज कराने हकीम के पास पहुंची 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि मालिश के बाद हकीम ने महिला की गर्दन को जोर से हिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने भी संबंधित हकीम की दुकान का निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में चार-पांच माह से दर्द था और उसका इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। शनिवार को वह लोगों की सलाह पर मीनाक्षी को कालाढूंगी रोड स्थित एक हकीम के पास ले गए। रामचंद्र के मुताबिक हकीम ने पहले उसकी पत्नी की गर्दन की मालिश की और बाद में गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके बाद मीनाक्षी की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे बेस अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के रिकॉर्ड में महिला को ‘ब्रॉट डेड’ दर्ज किया गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर सीएमओ नैनीताल डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास नईम पहलवान की दुकान का निरीक्षण किया, लेकिन दुकान बंद मिली। विभाग के अनुसार संबंधित व्यक्ति के खिलाफ बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने की शिकायत भी सामने आई है। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ बेस अस्पताल पहुंचकर महिला की मौत से जुड़े चिकित्सकीय अभिलेख और अन्य जानकारी जुटाई। सीएमओ ने मामले की तथ्यात्मक जांच कर आवश्यक दस्तावेज जुटाने और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले में बिना वैध योग्यता उपचार करने वालों और अवैध क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया है।



Subscribe Our Channel











