हल्द्वानी होटल में युवक की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिला शव

9
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव होटल के बाथरूम में नग्न अवस्था में मिला है। घटना से पहले कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने की बात सामने आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के पास बने होटल नंदी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब होटल के एक कमरे के बाथरूम में युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी 30 वर्षीय लाल साहब पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक सुबह करीब साढ़े छह बजे होटल में ठहरा था। होटल संचालक के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे युवक के कमरे से अचानक जोर-जोर से चीखने और चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

काफी देर तक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने मास्टर की, की मदद से कमरा खोला। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। युवक बाथरूम के फर्श पर नग्न अवस्था में मृत पड़ा था। कमरे और बाथरूम में चारों तरफ उल्टी फैली हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

सीओ सिटी हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके हल्द्वानी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक हल्द्वानी किस काम से आया था? घटना के पीछे आखिर क्या वजह रही? इन सब बातों की जांच की जा रही है।