उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम के पास स्थित कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर टूटने की घटना हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ऊंचाई वाले पहाड़ी हिस्से से भारी मात्रा में बर्फ टूटकर तेजी से नीचे की ओर बढ़ रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, गर्मियों के मौसम में तापमान बढ़ने और दिन-रात के तापमान में अंतर के कारण ग्लेशियरों में दरारें पड़ना और बर्फ खिसकना सामान्य प्रक्रिया मानी जाती है। इसी वजह से हिमालयी क्षेत्रों में समय-समय पर इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि कंचनगंगा क्षेत्र में ग्लेशियर खिसकने की घटना से किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यह ग्लेशियर हर साल धीरे-धीरे नीचे की ओर बढ़ता है और आगे जाकर कंचनगंगा क्षेत्र में रुक जाता है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और संवेदनशील इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।
गौरतलब है कि इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी बदरीनाथ धाम के समीप कंचनगंगा क्षेत्र में इसी तरह का एवलॉन्च देखने को मिला था। उस समय भी घटना का वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन किसी प्रकार की हानि नहीं हुई थी। वहीं फरवरी 2025 में माणा गांव के पास हिमस्खलन की एक बड़ी घटना हुई थी, जिसमें 54 मजदूर बर्फ में दब गए थे। सेना और आईटीबीपी की मदद से 46 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था, जबकि 8 लोगों की मौत हो गई थी।
हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी सतर्कता बनाए हुए हैं।



Subscribe Our Channel











