न्यूज जंक्शन 24, बरेली।
सीतापुर में बरेली की युवती को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। उसकी हालत गंभीर है। उसे लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती बरेली की रहने वाली है। वह सीतापुर कैसे गई, ये परिजनों को भी जानकारी नहीं है।
बरेली के भोजीपुरा में कंचनपुर निवासी क्रांति की शादी किला क्षेत्र के जितेंद्र के साथ हुई थी। लड़के की उम्र अधिक थी। इस कारण शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई। इसके बाद क्रांति अपने मायके कंचनपुर आ गई। जुलाई मे क्रांति घर से शौच के बहाने निकली और किसी के साथ चली गई। पिता राजपाल के साथ घरवालों ने उसे ढूंढने की कोशिश की लेकिन क्रांति का कहीं पता नहीं चला। इस संबंध में भोजीपुरा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
वहीं, घटनाक्रम के मुताबिक घयल अवस्था में युवती ने बताया कि उसे शाहजहांपुर के रोजा निवासी कौशल सिंह व प्रताप सिंह बाइक पर बैठाकर कपड़े दिलाने की बात कहकर ले जा रहे थे। उनकी नीयत पर शक हुआ तो युवती ने कई बार बाइक से कूदने की कोशिश की। रोजा से 60 किमी दूर सीतापुर के पिसावां में एक नल के पास युवती पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकले। डॉक्टरों के मुताबिक वह 40 से 45 फीसदी तक जल गई है। सोमवार रात भोजीपुरा पुलिस ने क्रांति के पिता को घटना की जानकारी दी।

सुबह सीतापुर पलिस ने भी क्रांति के पिता और घरवालों से पूछताछ की। परिवार वाले बेटी को देखने के लिए लखनऊ रवाना हो गए। पुलिस ने युवती को जिंदा जलाने की कोशिश करने वालों की पहचान कर ली है। सीतापुर में उनके खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दी जा रही है।








