उत्तराखंड के कुमाऊं परिक्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती ने मंगलवार को हल्द्वानी में आयोजित मासिक अपराध गोष्ठी में जनपद प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंभीर मामलों में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित विवेचनाओं व शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ नए आपराधिक कानूनों और तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
गोष्ठी में अपराध समीक्षा के 46 बिंदुओं पर कार्रवाई की समीक्षा की गई। आईजी ने 60 व 90 दिन की समयसीमा में आरोप पत्र व अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने, ई-साक्ष्य, जीरो एफआईआर, ई-समन और आईसीजेएस व्यवस्था का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर अपराध के हॉटस्पॉट चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई तथा लंबित साइबर मामलों के शीघ्र निस्तारण को कहा।
समीक्षा में लूट के 94, डकैती के 100, चोरी के 76, हत्या के 96, बलात्कार के 100 और वाहन लूट के 100 प्रतिशत मामलों के खुलासे की जानकारी दी गई। चेन स्नैचिंग के 79, महिला अपहरण के 96 और दहेज हत्या के 93 प्रतिशत मामलों का भी खुलासा हुआ। आईजी ने शेष गंभीर मामलों के जल्द खुलासे के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत निगरानी के निर्देश दिए।
पुलिस ने इस अवधि में 1,051 गुमशुदा लोगों को बरामद किया, जिनमें 220 बच्चे, 299 पुरुष और 532 महिलाएं शामिल हैं। आईजी ने नाबालिगों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। एक जनवरी से 31 जुलाई तक मिली 1,048 शिकायतों में 905 का निस्तारण किया गया।
उन्होंने महिला, बच्चों, पॉक्सो, बलात्कार और एससी-एसटी एक्ट के दो माह से अधिक लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही दो वर्ष से अधिक पुराने अभियोगों, हत्या, लूट, डकैती, चोरी और चेन स्नैचिंग के मामलों की भी समीक्षा की गई। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए तस्करों पर कड़ी कार्रवाई, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निस्तारण और सीसीटीएनएस व ई-बीट व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। गोष्ठी में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोडके, एसपी पिथौरागढ़ अक्षण प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव और एसपी बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel










