गंगनहर किनारे मिली महिला की लाश ने मचाई सनसनी! गला काटकर हत्या का शक

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुराने गंगनहर पुल के पास एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। महिला की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है। प्रथम दृष्टया महिला की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

महिला का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और प्रभारी निरीक्षक भगवान महर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाकों में भी जानकारी जुटाई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर हाल के दिनों में दर्ज महिला गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है।

इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला आखिरी बार कहां देखी गई थी और वह पुराने गंगनहर पुल तक कैसे पहुंची।

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या घटनास्थल पर ही की गई या फिर किसी अन्य स्थान पर वारदात को अंजाम देने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। घटनास्थल के आसपास से मिले संदिग्ध साक्ष्यों को पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है।

फिलहाल पुलिस महिला की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाल रही हैं।