स्कूल से घर लौटीं नहीं तीन छात्राएं, परिजनों में मचा हड़कंप

5
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन बेहद परेशान हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने ट्रांजिट कैंप थाने में शिकायत दी कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 22 मई को अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा 8 में पढ़ती हैं। रोज की तरह स्कूल जाने के बाद तीनों छात्राएं सुबह करीब 11 बजे छुट्टी होने पर घर के लिए निकलीं, लेकिन वे घर नहीं पहुंचीं।

जब काफी समय तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के संभावित स्थानों पर खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर मामले की सूचना दी।

लापता छात्राओं में एक की उम्र लगभग 14 वर्ष, दूसरी 13 वर्ष और तीसरी 11 वर्ष बताई जा रही है। घटना के समय तीनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में थीं, जिसमें लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम रंग की पैंट शामिल है।

ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित इलाकों में टीमों को भेजकर छात्राओं की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन छात्राओं के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि उन्हें सुरक्षित बरामद किया जा सके।