उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से पांच माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई, जबकि हादसे में दूसरी महिला घायल हो गई। दुर्घटना कैनाल रोड पर हुई, जहां सड़क किनारे जा रही दोनों महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं उछलकर सड़क पर जा गिरीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने पांच माह की गर्भवती महिला को मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला का उपचार चल रहा है।
सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार सवार दोनों युवकों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी में युवकों के नशे में होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के मुताबिक, मेडिकल जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार सवार युवक नशे में थे या नहीं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही कार की रफ्तार और दुर्घटना के समय चालक की स्थिति का भी पता लगाया जा रहा है।



Subscribe Our Channel









