उत्तराखंड के इस हाईवे पर ब्रेक फेल होते ही पलटा टेंपो ट्रैवल्स, 17 यात्री बाल-बाल बचे

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड के पास रविवार को यात्रियों से भरा एक टेंपो ट्रेवल्स अचानक ब्रेक फेल होने के कारण सड़क पर पलट गया। वाहन में राजस्थान के 17 यात्री सवार थे। हादसे में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीसीआर) के अनुसार टेंपो ट्रेवल्स संख्या UK-14 PA 5006 गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था। सोनगाड के पास अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल यात्रियों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। घायल यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हादसे के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहत एवं बचाव टीमों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि सोनगाड के पास टेंपो ट्रेवल्स के ब्रेक फेल होने से वाहन पलटने की सूचना मिली थी। वाहन में राजस्थान के 17 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।