उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शराब कैंटीन संचालक अमन की हत्या के मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही रुड़की पुलिस की नगला इमरती क्षेत्र में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार तीन आरोपियों ने घिरने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ के पैर में गोली लगी। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने कांबिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात ढंडेरा क्षेत्र में 26 वर्षीय अमन की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अमन शराब कैंटीन का संचालन करता था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं और लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अमन हत्याकांड से जुड़े तीन संदिग्ध युवक बाइक से नगला इमरती की ओर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ के पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी को पुलिस ने कब्जे में लेकर उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी पहचान सौरभ पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सौरभ ने अमन की हत्या में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की है।
मुठभेड़ के दौरान सौरभ के दो साथी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने आसपास के इलाके में कांबिंग अभियान चलाया और दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी (19) निवासी ग्राम ठसका और दीप यादव (19) निवासी मातावाला हसन बाग, लंढौरा के रूप में हुई है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से बदमाशों के नगला इमरती क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और बाद में फरार दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की वजह, हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।



Subscribe Our Channel










