एनकाउंटर के बाद अस्पताल पहुंचा आरोपी, एसएसपी के सामने हाथ जोड़कर मांगी माफी

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर में करीब एक माह पहले सामने आए गौकशी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले बाजपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी एसएसपी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता और गिड़गिड़ाता नजर आया।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि करीब एक माह पहले गदरपुर क्षेत्र में गौकशी की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान रेंज स्तर की गौवंश स्क्वाड टीम सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी। उस समय आरोपियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच एसओजी टीम को सूचना मिली कि गौकशी मामले में फरार आरोपी मोईन ग्राम कनौरा के आसपास मौजूद है। सूचना मिलने पर एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरता देख आरोपी मोईन ने पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चार राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 17 किलो प्रतिबंधित गोमांस, एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोईन के रूप में हुई है।

पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन-किन मामलों में शामिल रहा है। वहीं, गदरपुर गौकशी प्रकरण में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।