कैंची धाम जाने वालों के लिए बड़ा अलर्ट! कई रूट डायवर्ट, शटल सेवा से होगी एंट्री

8
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी/नैनीताल। वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जनपद नैनीताल पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 23 और 24 मई को प्रातः 9 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी, जबकि कुछ प्रतिबंध अलग-अलग समयावधियों में लागू रहेंगे।

पुलिस के अनुसार, इस दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र से लेकर कैंची धाम, भवाली और भीमताल तक भारी वाहनों और पर्यटक वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक यात्रा रूट पर भारी वाहनों का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।

पर्वतीय क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को जनपद सीमा पर रोका जाएगा, जबकि मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को गोलापार, खेड़ा चौकी और आरटीओ फिटनेस सेंटर के पास निर्धारित स्थानों पर रोका जाएगा। बरेली रोड और रुद्रपुर की ओर से आने वाले पर्यटक वाहनों को अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर काठगोदाम व नारीमन तिराहा होते हुए भेजा जाएगा।

इसी तरह रामनगर और बाजपुर से आने वाले वाहनों को कालाढूंगी और मंगोली मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले पर्यटक वाहनों को भी नारीमन तिराहा और गोलापार रोड के रास्ते निकाला जाएगा।

भीड़ नियंत्रण के लिए भीमताल विकास भवन और भवाली सैनिटोरियम पार्किंग को प्रमुख पार्किंग स्थल बनाया गया है, जहां से पर्यटकों को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम दर्शन के लिए भेजा जाएगा। वहीं टैक्सी दोपहिया वाहनों का प्रवेश भी कैंची धाम क्षेत्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाओं जैसे एलपीजी को छोड़कर अन्य भारी वाहनों का संचालन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक सीमित रहेगा। पुलिस ने सभी वाहन चालकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा न हो।