चारधाम यात्रा में बड़ा खतरा! बिजली के तार में उलझा हेलीकॉप्टर, बाल-बाल बचे यात्री

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड चारधाम यात्रा के दौरान बड़ा हादसा टल गया, जब बदरीनाथ से यात्रियों को लेकर देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर टिहरी जिले के सकलाना क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। हेलीकॉप्टर में उस समय पायलट समेत छह यात्री सवार थे। पायलट अनुपमा चौधरी की सूझबूझ और साहस के चलते सभी यात्रियों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर को पहले गुप्तकाशी होते हुए देहरादून पहुंचना था, लेकिन बीच में रूट बदलकर सीधे देहरादून जाने के निर्देश मिले। नए रूट पर चंबा-आराकोट क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरते समय सुबह करीब 9:30 बजे हेलीकॉप्टर के पिछले रोटर में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार फंस गया।

तार फंसते ही हेलीकॉप्टर हवा में असंतुलित होकर हिचकोले खाने लगा, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति बेहद गंभीर थी, लेकिन पायलट अनुपमा चौधरी ने धैर्य बनाए रखते हुए हेलीकॉप्टर को नियंत्रित किया और सत्यो-सकलाना क्षेत्र के खेतों में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

हादसे में हेलीकॉप्टर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि पायलट समेत सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी यात्रियों को बाद में सड़क मार्ग से सुरक्षित देहरादून भेज दिया गया। धनोल्टी तहसीलदार मोहम्मद शादाब ने बताया कि पायलट की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।