उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी को बुधवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। हरिद्वार के खड़खड़ी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां सेना और पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम सलामी दी। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और माहौल भावुक हो गया।
पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत कई बड़े नेता हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान सभी ने खंडूड़ी को एक ईमानदार, अनुशासित और जनसेवा के लिए समर्पित नेता बताया।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश ने एक विशिष्ट सैनिक, कुशल प्रशासक और असाधारण सत्यनिष्ठा वाले राजनेता को खो दिया है। उपराष्ट्रपति बुधवार सुबह देहरादून स्थित बसंत विहार आवास पहुंचे, जहां उन्होंने खंडूड़ी के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का प्रेरणादायी व्यक्तित्व और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव याद रखी जाएगी। उत्तराखंड के विकास और सुशासन में उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा।
बता दें कि, मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी (सेनि.) का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह पिछले 49 दिनों से निजी अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, उन्हें 1 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली।



Subscribe Our Channel











