कार रोकी तो खुल गया नशे का राज! 218 ग्राम स्मैक, 65.40 लाख की खेप के साथ दो गिरफ्तार

5
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के ‘ड्रग फ्री देवभूमि–ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद की है। लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक कार से 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास पुलिस ने अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार सवार दोनों व्यक्तियों के कब्जे से स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौली कलां, ऊधम सिंह नगर, मूल निवासी बहेड़ी, बरेली और मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है।

बहेड़ी से स्मैक लाने की बात

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाए थे। पुलिस अब इस जानकारी के आधार पर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। मामले में कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस धारा 29 के तहत आगे की जांच कर रही है। साथ ही दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद स्मैक की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

कार्रवाई में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई पर 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।