बदरीनाथ मंदिर मामले में सरकार सख्त, एफआईआर के बाद सीएम धामी ने दिया बड़ा संदेश

6
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम में चढ़ावे की चोरी के कथित मामले को लेकर सख्त प्रतिक्रिया दी है। हरिद्वार में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में सीएम धामी ने कहा कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिरों से जुड़ी आस्था और श्रद्धा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम जैसे पवित्र स्थल पर चोरी का मामला बेहद गंभीर है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।

उन्होंने बताया कि जांच कमेटी ने अपना काम शुरू कर दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकार इस मामले में पूरी गंभीरता के साथ कदम उठा रही है।

गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप सामने आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से जांच कमेटी बनाई गई थी। इसके बाद मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामकथा कार्यक्रम में पहुंचे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने पहुंचे थे। खराब मौसम और तेज बारिश के बावजूद उनका हेलीकॉप्टर गुरुकुल हैलीपैड पर उतरा। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे और रामकथा का श्रवण किया।

सीएम धामी ने कहा कि हरिद्वार जैसी धर्मनगरी में श्रीराम कथा का आयोजन होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक कथाएं समाज को संस्कार और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं।

मानसून को लेकर सरकार तैयार

मुख्यमंत्री ने मानसून की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मानसून को देखते हुए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। कुछ जिलों में मौसम को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने आगामी हरिद्वार कुंभ की तैयारियों का भी जिक्र करते हुए कहा कि कुंभ को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।