उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। हरिद्वार जिले में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने मंगलवार को रिश्वत लेते एक सहायक कृषि अधिकारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए सब्सिडी का लाभ लेने हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि विकासखंड खानपुर में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ने सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के बदले शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान से की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपों का सत्यापन कराया। सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना तैयार की।
मंगलवार 18 अगस्त 2026 को विजिलेंस की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक कृषि अधिकारी को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ ही रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप की स्थिति है। सतर्कता अधिष्ठान की ओर से भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



Subscribe Our Channel










