हल्द्वानी। टांडा रेंज क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। यह मामला कोतवाली क्षेत्र के टीपीनगर अंतर्गत पीपलपड़ाव जंगल स्थित भाखड़ा रेंज के प्लॉट संख्या-71 का है, जहां एक वनकर्मी की हत्या की गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी और प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण फॉरेंसिक टीम द्वारा वैज्ञानिक तरीके से किया गया और महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।
मृतक की पहचान वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत मेवा लाल (50 वर्ष), निवासी अलीपुर जित्ता, जनपद कौशाम्बी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
वन बीट अधिकारी पवन कुमार की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 174/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि घटना से पहले उसने और मृतक ने शराब का सेवन किया था, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से वार कर मेवा लाल की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने आरोपी तिवारी सिंह (45 वर्ष), निवासी लालपुरी गूलरभोज, थाना दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, हाल पता पीपलपड़ाव ब्लॉक, टांडा रेंज, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील कुमार जोशी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह, उपनिरीक्षक संजीत राठौड़ सहित कांस्टेबल राहुल राणा और धीरेंद्र अधिकारी शामिल रहे।



Subscribe Our Channel










