उत्तराखंड सनसनीखेज! लापता व्यक्ति का मिला शव, शरीर पर चोट और बंधे हाथ-पैर

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के चमोली जिले के गैरसैंण विकासखंड क्षेत्र के देवपुरी गांव में पिछले छह दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक का शव घर से करीब 300 मीटर दूर खनसर नदी में तैरता हुआ मिला। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देवपुरी गांव के चिनुड़ीछानी तोक निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र पुष्कर सिंह 18 मई की सुबह घर से काम पर जाने के बाद लापता हो गए थे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन शुरू की थी। डॉग स्क्वाड की मदद से दो दिनों तक सर्च अभियान भी चलाया गया, लेकिन तब कोई सुराग नहीं मिल सका।

6 दिन बाद ग्रामीणों ने ही राजेंद्र सिंह का शव खनसर नदी में तैरता देखा, जो उनके घर से महज कुछ दूरी पर था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव के एक हाथ और दोनों पैर बंधे हुए थे, जबकि सिर और आंखों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

सबसे हैरानी की बात यह रही कि जिस इलाके में ग्रामीणों ने पहले भी कई बार सर्च किया था, उसी स्थान पर शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। मौके से मृतक का मोबाइल फोन, चप्पल और पानी की बोतल भी बरामद हुई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली गैरसैंण पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। श्रीनगर से फॉरेंसिक टीम और गोपेश्वर से फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए हर पहलू पर जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे की मांग की है।