हल्द्वानी/लालकुआं। पुलिस ने लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। यह आभूषण तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, लालकुआं थाना क्षेत्र में घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पहली शिकायत वर्ष 2023 में बिंदुखत्ता निवासी चंद्रा देवी द्वारा दर्ज कराई गई थी, जबकि 2025 में पार्वती देवी और कुंवर सिंह मेहता के घरों में भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं सामने आई थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल जांच के आधार पर संदिग्ध की तलाश तेज की।
23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्ध व्यक्ति बिंदुखत्ता क्षेत्र में चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सोने के टूटे आभूषण बरामद हुए, जबकि एक हीटर की निचली प्लेट में छिपाकर रखे गए जेवर भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम भानु प्रताप निवासी मुड़िया नवी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करता था और चोरी का माल बेचकर पैसे खर्च कर चुका है। आरोपी ने वर्ष 2025 में दर्ज अन्य दो मामलों में भी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने बरामद आभूषणों की पहचान शिकायतकर्ताओं से कराकर उन्हें तीनों मामलों से जोड़ दिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम के बेहतर प्रदर्शन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया है।



Subscribe Our Channel










