उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मुनस्यारी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक की जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे मुनस्यारी–मिलम मोटर मार्ग पर रड़गाड़ी के पास हुआ। लास्पा गांव से मुनस्यारी की ओर आ रहा पिकअप वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और गहरी खाई में गिरता हुआ चट्टानों से टकराकर गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के दौरान चालक जगत मेहता (निवासी तेजम) वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं दो अन्य युवक—मनेंद्र राम (30, निवासी धारचूला) और प्रकाश (28, मूल निवासी नेपाल)—की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव चट्टानों के बीच फंसे हुए पाए गए।
दुर्गम इलाका होने और मोबाइल नेटवर्क की सुविधा न होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में देरी हुई। घटना की सूचना सबसे पहले गश्त कर रहे ITBP जवानों को मिली, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया।
इसके बाद ITBP, SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। खड़ी चट्टानों और अंधेरे के बीच करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया और मुनस्यारी अस्पताल भेजा गया।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम मुनस्यारी में कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।



Subscribe Our Channel











