उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के कौसानी थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस को घटनास्थल से 21 वर्षीय मृतका का हाथ से लिखा सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने पति पर गंभीर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया है। इस सुसाइड नोट के सामने आने के बाद मामला और अधिक पेचीदा हो गया है।
घटना भोजगण गांव की है, जहां 21 वर्षीय रूपा सजवाण पत्नी अमित सिंह का शव मंगलवार को गोशाला के भीतर फांसी के फंदे से लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान बरामद सुसाइड नोट में मृतका ने अपने वैवाहिक जीवन में लगातार मानसिक उत्पीड़न और उपेक्षा का जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसने रिश्ते को बचाने की हर संभव कोशिश की, पूजा-पाठ और मन्नतें भी मांगीं, लेकिन उसे लगातार संदेह और आरोपों का सामना करना पड़ा। नोट के अनुसार पति उस पर चरित्र पर शक करता था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी।
मृतका ने यह भी लिखा कि उसे परिवार में वह सम्मान नहीं मिला जिसकी वह उम्मीद करती थी और वह खुद को घर में एक सदस्य की बजाय नौकरानी जैसा महसूस करती थी। लगातार मानसिक दबाव और आरोप-प्रत्यारोप ने उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।
वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी।
पुलिस ने सुसाइड नोट और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को जांच में शामिल कर लिया है। क्षेत्राधिकारी बागेश्वर अजय लाल साह ने बताया है कि मामले की जांच जारी है। उनके अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel











