आग का ऐसा मंजर! सड़क किनारे ट्रक बना आग का गोला, दहशत

11
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में उस समय हड़कंप मच गया जब गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव के पास, राजमहल होटल के समीप खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें आसमान तक उठने लगीं। इससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर कर्मियों ने होज पाइप की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती जांच में पता चला कि ट्रक के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से आग लगी थी।

स्थिति को देखते हुए दमकल टीम ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी और बिजली विभाग को भी अलर्ट किया गया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे राहत कार्य में तेजी आई।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि तब तक ट्रक बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और दमकल कर्मियों की तत्परता से ट्रक का डीजल टैंक फटने से भी बच गया।

फायरमैन अतर सिंह राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।