उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में फर्जी लोन घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने शिकायतकर्ता सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि बैंक से ऋण लेने के लिए फर्जी दस्तावेज, प्रमाणपत्र और कोटेशन लगाए गए थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमेश्वर निवासी और कांग्रेस सेवा दल के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह नेगी ने 19 सितंबर 2025 को कोतवाली अल्मोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि ग्राम बग्वाली पोखर निवासी पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह कठायत और लोअर माल रोड निवासी ग्राम प्रधान संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह गैलाकोटी ने उनकी फर्म ‘जय गोलू ट्रेडर्स’ के नाम का दुरुपयोग कर अल्मोड़ा की एक बैंक शाखा से करीब पांच लाख रुपये का लोन लिया।
शिकायत में कहा गया था कि आरोपियों ने फर्म के नाम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) अल्मोड़ा का फर्जी प्रमाणपत्र तैयार किया और नकली कोटेशन बिल व अन्य दस्तावेज बैंक में जमा किए।
मामले की जांच शुरू होने पर पुलिस ने हर पहलू की गहन पड़ताल की। विवेचक एसआई आनंद बल्लभ की जांच में यह भी सामने आया कि शिकायतकर्ता दिनेश नेगी खुद भी इस पूरे षड्यंत्र में शामिल था।
इसके बाद पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को दिनेश नेगी, धीरेंद्र सिंह गैलाकोटी और सुनील सिंह कठायत को अल्मोड़ा से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



Subscribe Our Channel











