हल्द्वानी पुलिस ने भोटियापड़ाव क्षेत्र में महिला से सोने की चेन लूटने की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चेन, बिना नंबर प्लेट की बाइक और अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 8 मई को भोटियापड़ाव इलाके में बाइक सवार बदमाश ने महिला से सोने की चेन झपट ली थी। पीड़िता नीता शाह निवासी तुलसी नगर पॉलीशीट, काठगोदाम की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान आकाश कुमार गौतम निवासी सीबीगंज, बरेली के रूप में की।
पुलिस ने 19 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई चेन, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद मामले में आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट के करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी गुजरात और रुद्रपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो चुका है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक भूपेन्द्र मेहता, उपनिरीक्षक आरती, हेड कांस्टेबल इसरार नवी और एसओजी टीम के जवान शामिल रहे।



Subscribe Our Channel











