उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित पैनेसिया अस्पताल में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग एसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण लगी, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में तेजी से धुआं फैल गया।
हादसे के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। धुआं फैलते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और स्टाफ ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय प्रशासन और राहत टीमों की मदद से सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट किया गया।
इस दर्दनाक घटना में एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आग और धुएं की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी भी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।



Subscribe Our Channel











