उत्तराखंड में भीषण दुर्घटनाः ट्रक अनियंत्रित होकर यमुना में गिरा, एक लापता

13
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के टिहरी जिले के नैनबाग-दिल्ली यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यमुना पुल मसूरी बैंड के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विकासनगर से जखोल की ओर सरकारी राशन लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे यमुना नदी में जा गिरा।

हादसे के समय ट्रक में दो लोग सवार थे। घटना में एक व्यक्ति लापता हो गया है, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए नैनबाग अस्पताल ले जाया गया।

चौकी प्रभारी नैनबाग रामनरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक खाद्यान्न से भरा हुआ था और अचानक नियंत्रण खोने के कारण नदी में गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

लापता व्यक्ति की तलाश के लिए स्थानीय पुलिस और राहत टीमों द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घायल चालक की पहचान उदय सिंह (27 वर्ष), पुत्र गगन सिंह, निवासी त्यूनी, उत्तरकाशी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।