वंदे मातरम पर छिड़ी सियासी जंग! महेंद्र भट्ट का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- ‘किसी दबाव में नहीं झुकेंगे’

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजनीति में वंदे मातरम को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम भाजपा के लिए महज एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष, त्याग और बलिदान की पहचान है। उन्होंने कांग्रेस के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का प्रस्ताव देश और संसद से बड़ा नहीं हो सकता।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के वर्ष 1937 में पारित प्रस्ताव को लेकर कहा कि कांग्रेस को अपने पुराने निर्णयों पर आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी अपनी ऐतिहासिक गलतियों से सीख लेने के बजाय उन्हीं घटनाओं को दोहराने की दिशा में बढ़ रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना द्वारा वंदे मातरम के बहिष्कार का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आज कांग्रेस भी राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर आपत्ति खड़ी कर रही है। भट्ट ने कहा कि संविधान की प्रति लेकर चलने वाली कांग्रेस को राष्ट्रीय प्रतीकों और देश की एकता के मुद्दे पर अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।

उन्होंने महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि गांधी जी ने वंदे मातरम को धर्म से ऊपर माना था। भट्ट ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने गांधी जी के नाम का राजनीतिक लाभ तो उठाया, लेकिन उनके विचारों और संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास नहीं किया।

भट्ट ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत को समान सम्मान दिए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने राष्ट्रगीत को उचित सम्मान दिलाने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से राष्ट्रगीत को सम्मान दिए जाने से इसकी राष्ट्रीय भावना और मजबूत हुई है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में भी राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर पहला प्रस्ताव पारित किया गया। उन्होंने दो टूक कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस कार्यसमिति के प्रस्ताव की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस या किसी अन्य राजनीतिक दल का प्रस्ताव संसद और देश के संवैधानिक मूल्यों से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा अब वंदे मातरम को लेकर प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाएगी, जिसकी शुरुआत सोमवार से कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि जनता को बताया जाएगा कि वंदे मातरम ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशवासियों को एकजुट करने और आजादी के संघर्ष को नई ऊर्जा देने का काम किया था। भट्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से अपील की कि वह अपनी पार्टी में राष्ट्रगीत के सम्मान के लिए सकारात्मक माहौल बनाने की पहल करें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रगीत केवल शब्दों का समूह नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता से जुड़ी भावना है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के सम्मान के लिए भाजपा लगातार जनजागरण अभियान चलाएगी।