हल्द्वानी में परीक्षा दे रही छात्राओं में अचानक मची दहशत, रोने लगीं छात्राएं और कर दी गई छुट्टी

7
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित एक  इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी बीच एक छात्रा के चीखने-चिल्लाने के बाद स्कूल में भूत-प्रेत की बाधा की अफवाह फैल गई, जिससे परीक्षा दे रही छात्राओं में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार ललित महिला इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं और 11वीं की एक-दो छात्राओं ने परीक्षा के दौरान चक्कर आने और तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसी दौरान एक छात्रा के अचानक चीखने-चिल्लाने से आसपास बैठी अन्य छात्राएं घबरा गईं। कुछ छात्राएं डर के कारण रोने लगीं और देखते ही देखते पूरे स्कूल में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

भूत-प्रेत की अफवाह फैलने के बाद परीक्षा कक्षों में भी छात्राओं के बीच भय का माहौल बन गया। स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तत्काल हस्तक्षेप कर छात्राओं को शांत कराया और मामले को संभाला। इसके बाद एहतियात के तौर पर स्कूल में छुट्टी कर दी गई।

स्कूल प्रवक्ता नीलम ने बताया कि कुछ छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की शिकायत सामने आई थी। भूत-प्रेत की बात पूरी तरह अफवाह है। उन्होंने बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद स्कूल में छुट्टी कर दी गई।