उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, 92 हजार रुपये नकद और सट्टेबाजी में इस्तेमाल की जा रही होंडा सिटी कार बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान एसओजी टीम से सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के पास एक व्यक्ति सफेद होंडा सिटी कार में बैठकर आईपीएल मैच पर अवैध सट्टा चला रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को घेर लिया। कार के अंदर एक व्यक्ति लैपटॉप पर काम करता हुआ पाया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रंजीत सिंह सैनी, निवासी पालम कॉलोनी, नई दिल्ली के रूप में बताई। तलाशी के दौरान लैपटॉप में आईपीएल सट्टे से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मिला, जिसमें ग्राहकों के नाम, टीमों के नाम, दांव की रकम और हिसाब-किताब दर्ज था।
इसके अलावा कार से पांच अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें सट्टेबाजी से जुड़े वॉयस मैसेज, व्हाट्सएप चैट और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट मिले। एक बैग से कैलकुलेटर, चार्जर और 92 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए, जिसे पुलिस ने सट्टेबाजी से अर्जित रकम बताया है।
पुलिस ने आरोपी की होंडा सिटी कार को भी सीज कर दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है या अकेले काम कर रहा था।
इसी बीच उधम सिंह नगर के खटीमा नगर में एक अन्य घटना सामने आई है, जहां चोरों ने एक ही रात में व्यापार मंडल अध्यक्ष समेत तीन व्यापारियों की दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना से व्यापारियों में आक्रोश फैल गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट, फुटप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, मामले के जल्द खुलासे के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।



Subscribe Our Channel











