उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के थाना राजपुर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हंगामा करने, शराब के नशे में वाहन चलाने और पुलिसकर्मियों से बदतमीजी करने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार, 24 मई को चौकी जाखन को सूचना मिली थी कि जोहड़ी तिराहे पर एक कार सवार व्यक्ति वाहन रोककर यातायात बाधित कर रहा है और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन चालक का एल्कोमीटर टेस्ट कराया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी विनय कुमार, निवासी भिवानी (हरियाणा), को गिरफ्तार कर उसकी कार को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत सीज कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज दिल्ली में चल रहा है। बताया गया कि हाल ही में वह देहरादून अपने ससुराल आया था और नशे व मानसिक तनाव की स्थिति में उसने यह हरकत की।
सीओ डालनवाला ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।



Subscribe Our Channel










