खनन परिवहन में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, कांस्टेबल 45 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

161
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने खनन सामग्री के परिवहन में अनावश्यक रोकटोक कर रिश्वत मांगने के आरोप में नैनीताल जिले में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम निकालने का कार्य करता है। खनन सामग्री को स्थानीय स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाने के लिए वाहनों का प्रयोग किया जाता है। आरोप था कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह पुत्र खुशाल सिंह निवासी बिलहरी, चकरपुर, थाना कोतवाली खटीमा, जनपद ऊधमसिंहनगर द्वारा वाहनों को अनावश्यक रूप से रोककर चालान और सीज करने की धमकी दी जा रही थी।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कांस्टेबल द्वारा वाहनों के संचालन में बाधा न डालने के बदले 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में थाना बेतालघाट, जनपद नैनीताल में तैनात था तथा हल्द्वानी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।