कुमाऊं को मिला अपना मीडिया हब, धामी ने रखी हाईटेक मीडिया सेंटर की नींव

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में पत्रकारों के सशक्तिकरण और आधुनिक मीडिया सुविधाओं के विस्तार की दिशा में सोमवार को एक ऐतिहासिक पहल की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊं मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास किया। करीब ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊं मंडल के पत्रकारों के लिए एक बहुउद्देश्यीय और आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को सशक्त बनाने का प्रभावी मंच होगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पत्रकारों के लिए संवाद, विचार-विमर्श और जनसरोकार से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने का माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक कुमाऊं मंडल के पत्रकारों को कई कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन इस सेंटर के निर्माण के बाद अधिकांश मीडिया संबंधी कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।

प्रस्तावित मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो और समृद्ध लाइब्रेरी जैसी अत्याधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा कैंटीन एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों—मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत आदि से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे उन्हें यात्रा संबंधी कठिनाइयों से राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से संचालित किए जाएंगे। इससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी तथा पत्रकारों को सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

पत्रकार कल्याण को लेकर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार मीडिया कर्मियों की सुरक्षा और हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर ₹5 करोड़ कर दिया गया है, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में पत्रकारों और उनके परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अलावा अधिस्वीकृत पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू की गई है, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह ₹8,000 पेंशन प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि यह मीडिया सेंटर भविष्य में हल्द्वानी को कुमाऊं क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावशाली भूमिका निभाएगी। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक एवं जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी बताया कि चंपावत जिले के टनकपुर में मीडिया सेंटर गेस्ट हाउस का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जिससे सीमांत क्षेत्रों के पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, सूचना विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।