उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए राज्य सरकार की युवा और सैनिक हितैषी नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह और जोश उन्हें प्रदेश के विकास के लिए और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ा है और उन्हें भी उसी सोच के साथ उत्तराखंड की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति के लिए विकास और राजनीतिक स्थिरता दोनों आवश्यक हैं। उत्तराखंड की जनता ने भी स्थिर सरकार और सुशासन को प्राथमिकता देकर एक नई राजनीतिक परंपरा स्थापित की है।
सीएम धामी ने कहा कि वे स्वयं एक सैन्य परिवार से आते हैं, इसलिए सैनिकों और उनके परिवारों की चुनौतियों तथा जरूरतों को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार सैनिकों और अग्निवीरों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते पांच वर्षों में राज्य सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और नवाचार जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए लगातार नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार, उत्तराखंड का भविष्य युवाओं के हाथों में है और सरकार उन्हें प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत मानती है।
मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा अवधि पूरी करने के बाद लौटने वाले अग्निवीरों को राज्य सरकार विशेष प्राथमिकता देगी। उन्होंने दोहराया कि विभिन्न सरकारी विभागों में अग्निवीरों के समायोजन की दिशा में सरकार पहले ही महत्वपूर्ण निर्णय ले चुकी है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं के अनुभव और कौशल का बेहतर उपयोग राज्य के विकास में किया जा सके।



Subscribe Our Channel











