उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार और गंगोत्री धाम में गंगा दशहरा पर्व पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देशभर से आए लाखों श्रद्धालु सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही गंगा स्नान के लिए घाटों पर उमड़ पड़े। हरकी पैड़ी और आसपास के सभी घाट “हर-हर गंगे” के जयघोष से गूंज उठे और पूरा वातावरण भक्ति के रंग में रंग गया।
हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां लोग मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार रविवार को करीब 27 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया, जबकि सोमवार सुबह गंगा आरती के बाद यह संख्या 16 लाख तक पहुंच गई। घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
इसी तरह गंगोत्री धाम में भी गंगा दशहरा के अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर और भागीरथी घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। वैदिक मंत्रोच्चारण, शंखध्वनि और घंटियों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन के साथ-साथ पवित्र भागीरथी नदी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान, पूजा और दान-पुण्य करने से समस्त पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी श्रद्धालु यहां पहुंचे।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। हरिद्वार और गंगोत्री दोनों ही स्थानों पर पुलिस बल, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और नगर निकाय की टीमें तैनात रहीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, साफ-सफाई, यातायात और चिकित्सा की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।



Subscribe Our Channel










