उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में आईटीबीपी की महिला जवान ने अपने पति और दो अन्य लोगों पर जबरन धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ वर्षों बाद उसके पति ने लालच में आकर ईसाई धर्म अपना लिया और फिर उस पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा।
ग्राम दिया निवासी महिला जवान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह वर्ष 2014 में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। वर्तमान में वह लद्दाख में तैनात है। उसके अनुसार, वर्ष 2016 में मोहम्मदपुर भुड़िया निवासी दो लोगों ने उसके पति को रोजगार और आर्थिक लाभ का लालच दिया, जिसके बाद उसने ईसाई धर्म अपना लिया।
महिला का आरोप है कि पति ने बिना उसकी जानकारी के दोनों बच्चों के ईसाई नाम रख दिए और उन्हें चर्च ले जाने लगा। छुट्टी पर घर आने पर पति ने उस पर भी धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की गई और कथित तौर पर उसे जबरन एक धार्मिक अनुष्ठान में शामिल कराया गया।
तहरीर में महिला ने यह भी कहा कि पति उसे हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ नहीं करने देता, मांग में सिंदूर भरने और मंगलसूत्र पहनने से रोकता है। उसने आरोप लगाया कि पति बच्चों को अपने पास रखकर उसे धमकाता है और हर महीने पैसे मांगता है।
महिला जवान के अनुसार, 19 मई 2026 को पति उसके मायके पहुंचा और धर्म परिवर्तन करने पर आर्थिक लाभ मिलने की बात कही। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने कहा कि जिले में जबरन धर्मांतरण से जुड़े मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Subscribe Our Channel










