उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के सप्तऋषि क्षेत्र में स्थित शांतिकुंज के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डंपर ने एक निजी यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में राजस्थान के नागौर जिले की रहने वाली एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जो गंगा स्नान के बाद राजस्थान लौट रहे थे। घायलों में 29 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के समय ढाबे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क किनारे एक यात्री बस को पीछे किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे डंपर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से बस पलटने की सूचना मिलने के तुरंत बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा वाहन को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रशासन ने प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9411112827 जारी किया है।



Subscribe Our Channel











